×

लालू प्रसाद यादव के 78वें जन्मदिन पर बधाईयों का तांता

लालू प्रसाद यादव के 78वें जन्मदिन पर उन्हें कई नेताओं और परिवार के सदस्यों ने बधाई दी। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनके संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण की सराहना की। पटना में राजद कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से जश्न मनाया, जबकि परिवार ने केक काटकर इस खास दिन को मनाया। जानें इस अवसर पर और क्या हुआ।
 

लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को उनके 78वें जन्मदिन पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुभकामनाएं दीं।


राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। हमारे बीच का संबंध केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक गहरा मानवीय संबंध है, जो समान मूल्यों और सामाजिक न्याय के संघर्ष पर आधारित है। आपका जीवन संघर्षों से भरा रहा है, लेकिन आपने हमेशा मजबूती और हौसले के साथ उन लोगों की आवाज उठाई है, जिन्हें अक्सर अनसुना किया जाता है। आपके जन्मदिन पर मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”


कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी 'एक्स' पर लिखा, “राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”


लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर पटना स्थित राजद कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू बांटकर धूमधाम से जश्न मनाया। वहीं, लालू यादव ने अपने परिवार के साथ केक काटा। राबड़ी आवास पर बधाई देने के लिए राजद कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही।


लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी पिता को बधाई देते हुए 'एक्स' पर लिखा, “हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा, हमारी ताकत, हमारे कवच, हमारे आदर्श, हमारे गौरव, हमारे मार्गदर्शक, हमारे सुपरमैन, हमारे पापा को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं, हैप्पी बर्थडे पापा।”


बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी 'एक्स' पर लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं।”