लिसाना पॉलीटेक्निक में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
रेवाड़ी जिले के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान लिसाना में गुरुवार को भारत सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य सुखवीर यादव के नेतृत्व में सभी स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हर व्यक्ति को अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना था, ताकि वे प्रकृति के संरक्षण में योगदान दे सकें।
प्रधानाचार्य सुखवीर यादव ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वर्तमान में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी सदस्यों से पौधों की नियमित देखभाल करने और समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और भविष्य में ऐसे जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान लिसाना हमेशा पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्ध रहेगा।