लुधियाना में शादी समारोह में गैंगवार, दो की मौत और कई घायल
लुधियाना में शादी समारोह में हुई गोलीबारी
लुधियाना- पक्खोवाल रोड पर स्थित बाथ कैसल पैलेस में एक शादी के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शुभम मोटा ग्रुप और अंकुर ग्रुप के बीच गैंगवार हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें लगभग 40 से 50 राउंड गोलियां चलने की सूचना है।
इस गोलीबारी में एक महिला सहित दो लोगों की जान चली गई, जबकि 8 से 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक युवक, वासु, को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृत महिला की पहचान नीरू छाबड़ा के रूप में हुई है। यह शादी ठेकेदार वरिंदर कपूर की थी। मौके पर कई गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। बताया जा रहा है कि गैंगवार के समय एक आप विधायक भी समारोह में मौजूद थे, जिन्हें उनकी सुरक्षा टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंकुर ग्रुप पहले से ही समारोह में मौजूद था। जैसे ही शुभम मोटा अपने साथियों के साथ पंडाल में पहुंचा, दोनों गुटों का आमना-सामना हुआ और फायरिंग शुरू हो गई। समझौता कराने की कोशिश कर रहे कई लोग भी गोलीबारी में घायल हो गए।
अचानक हुई गोलीबारी से शादी समारोह में भगदड़ मच गई। बाराती इधर-उधर भागने लगे और कई लोगों ने कुर्सियों और टेबलों के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।