लूहरी जल विद्युत परियोजना में स्वच्छता अभियान का सफल समापन
स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन
शिमला (ऊषा शर्मा)- लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-I में विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और निगम मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का समापन शुक्रवार को गांधी जयंती और स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर हुआ। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चला, जिसमें स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, कचरे के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
समापन समारोह में लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-I के परियोजना प्रमुख ई. जसवंत सिंह कपूर ने अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले स्वच्छता स्वयंसेवियों को सम्मानित किया। उन्होंने स्वच्छता स्वयंसेवियों और परियोजना की टीम के प्रयासों की सराहना की। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और स्वच्छता स्वयंसेवी भी उपस्थित थे।
अभियान के दौरान, परियोजना में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए ‘वेस्ट टू वेल्थ-कबाड़ से जुगाड़’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने घरेलू और अनुपयोगी सामग्री को रचनात्मक तरीके से उपयोगी वस्तुओं में बदलकर अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया। परियोजना प्रमुख और उपस्थित विभागाध्यक्षों ने प्रतिभागियों के कार्यों की सराहना की और विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर, परियोजना प्रमुख ई. जसवंत सिंह कपूर ने कहा कि महात्मा गांधी ने व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर दिया था और इसे स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना था। उन्होंने स्वच्छता को किसी अभियान या पखवाड़े तक सीमित न रखने का आह्वान किया और इसे अपने स्वभाव, संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने में हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है। दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने, कचरे का उचित निस्तारण करने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने से स्वच्छता के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सकता है।