लॉस एंजेलेस में सिख युवक की पुलिस गोलीबारी से मौत, वीडियो वायरल
पुलिस की गोलीबारी में सिख युवक की मौत
नई दिल्ली - अमेरिका के लॉस एंजेलेस में एक सिख युवक को पुलिस ने गोली मार दी। यह युवक सड़क पर तलवार लहरा रहा था, जिसे सिख समुदाय ने गतका प्रदर्शन बताया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
मृतक की पहचान गुरप्रीत के रूप में हुई है। उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। लॉस एंजेलेस पुलिस विभाग (एलएपीडी) के अनुसार, गुरप्रीत सिंह डाउनटाउन में क्रिप्टो डॉट कॉम एरिना के पास लोगों को धारदार हथियार दिखाकर धमका रहा था। पुलिस ने उसे हथियार छोड़ने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।
यह घटना 13 जुलाई की सुबह हुई थी, लेकिन हाल ही में पुलिस ने इसका बॉडीकैम वीडियो जारी किया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया। पुलिस का कहना है कि युवक को कई बार हथियार छोड़ने के लिए कहा गया, लेकिन उसने आदेश का पालन नहीं किया। जब वह पुलिस पर हमला करने लगा, तब उस पर गोली चलाई गई।