विदेशी निवेशकों का भारतीय शेयर बाजार में बड़ा निवेश
भारतीय शेयर बाजार में एफआईआई का निवेश
मुंबई : जून के दूसरे पखवाड़े में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने भारतीय शेयर बाजार में लगभग 14,100 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया। इससे पहले के पखवाड़े में इन निवेशकों ने 11,263 करोड़ रुपए की बिकवाली की थी।
इस अवधि में, एफआईआई ने फाइनेंशियल सर्विसेज, कंस्ट्रक्शन, कंज्यूमर सर्विसेज, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी और हेल्थकेयर क्षेत्रों में खरीदारी की। वहीं, मेटल एंड माइनिंग, पावर, ऑयल एंड गैस, कैपिटल गुड्स, ऑटो, आईटी और टेलीकॉम में बिकवाली की गई।
राष्ट्रीय प्रतिभूति डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) के आंकड़ों के अनुसार, जून के अंतिम पखवाड़े में एफआईआई ने फाइनेंशियल सर्विसेज में 14,634 करोड़ रुपए, कंस्ट्रक्शन में 3,484 करोड़ रुपए, कंज्यूमर सर्विसेज में 3,081 करोड़ रुपए, सर्विसेज में 2,592 करोड़ रुपए, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2,564 करोड़ रुपए, रियल्टी में 1,893 करोड़ रुपए और हेल्थकेयर में 1,435 करोड़ रुपए का निवेश किया।
इस दौरान, विदेशी निवेशकों ने मेटल और माइनिंग में -4,371 करोड़ रुपए, पावर में -3,743 करोड़ रुपए, ऑयल और गैस में -2,789 करोड़ रुपए, कैपिटल गुड्स में -1,442 करोड़ रुपए, ऑटो में -1,324 करोड़ रुपए, आईटी में -733 करोड़ रुपए, टेलीकॉम में -720 करोड़ रुपए, कंस्ट्रक्शन मटेरियल में -650 करोड़ रुपए और केमिकल में -514 करोड़ रुपए की बिकवाली की।
विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में उस समय निवेश किया है, जब अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण वैल्यूएशन काफी नीचे आ गए थे और वैश्विक स्तर पर एआई एवं सेमीकंडक्टर शेयरों में बिकवाली देखी गई थी।
इसका परिणाम यह रहा कि पिछले एक महीने में मुख्य सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी का रिटर्न सकारात्मक रहा है। बीएसई सेंसेक्स ने पिछले एक महीने में लगभग 6.5 प्रतिशत का रिटर्न दिया है, जबकि निफ्टी ने 5.5 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न प्राप्त किया है।