विद्या भारती पंजाब की बैठक में शिक्षा और सामाजिक सहभागिता पर चर्चा
शैक्षिक गुणवत्ता और सामाजिक परिवर्तन पर जोर
- विद्या भारती पंजाब की प्रांतीय बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता, पूर्व छात्रों की भूमिका और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर हुआ मंथन
जालंधर - विद्या भारती पंजाब की प्रांतीय बैठक रविवार को विद्या धाम, जालंधर में आयोजित की गई। इस बैठक में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ शिक्षा, संस्कार, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से संबंधित मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।
देशराज शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालयों को केवल शिक्षा देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें समाज के साथ जुड़कर व्यापक सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनना चाहिए। उन्होंने शिक्षा में संस्कारों के समावेश, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन की कार्यपद्धति और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए विद्यालयों की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के परिणामों की समीक्षा को प्राथमिकता दी गई। विद्यार्थियों की विद्यालय छोड़ने के बाद की शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रगति, पूर्व छात्रों की सक्रियता और समाज में उनके योगदान पर चर्चा की गई। पूर्व छात्रों से नियमित संपर्क बनाए रखने और उनकी उपलब्धियों का रिकॉर्ड तैयार करने का सुझाव दिया गया।
प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की तैयारी, विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी पाठ्यक्रमों की जानकारी, आचार्यों के प्रशिक्षण और विद्यालयों में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी विचार-विमर्श हुआ। शिक्षा व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल प्रशिक्षण और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
विद्यालयों को समाज से निकटता से जोड़ने के उद्देश्य से अभिभावकों, पूर्व छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए छोटी-छोटी बैठकें आयोजित करने और ग्राम तथा वार्ड स्तर पर समितियों के गठन का सुझाव दिया गया। विद्यालयों के संचालन में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रबंध समितियों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में संस्कार केंद्रों, सेवा गतिविधियों और सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनसंपर्क मजबूत करने की रणनीति पर विचार किया गया। संगठनात्मक गतिविधियों को योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के दायित्व निर्धारित करने और नियमित समीक्षा व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
भविष्य की योजनाओं के तहत आगामी 20 वर्षों में भारत की शिक्षा और सामाजिक व्यवस्था के स्वरूप पर मंथन किया गया। शिक्षा में भारतीयता, संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से विद्यालयों की गतिविधियों और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।
बैठक में विद्या भारती पंजाब के अध्यक्ष मेजर जनरल सुरेश खजूरिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. नवदीप शेखर, उपाध्यक्ष डॉ. रेखा कालिया भारद्वाज एवं जीवन मोदी, मंत्री मंजू अरोड़ा एवं शैली शर्मा, संगठन मंत्री राजेंद्र कुमार, महामंत्री संदीप धूड़िया तथा वित्त सचिव विजय ठाकुर सहित प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य, विभाग सचिव, संकुल संयोजक, विद्यालयों के प्रधान, प्रबंधक, प्रधानाचार्य और पूर्णकालिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।