विशाखापट्टनम स्टील प्लांट में भीषण हादसा, 8 मजदूरों की मौत
हादसे में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
विशाखापट्टनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित स्टील प्लांट में एक गंभीर औद्योगिक दुर्घटना हुई है। स्टील मेल्टिंग शॉप यूनिट में एक भारी लैडल गिरने से लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला हुआ लोहा फैल गया। इस हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 6 अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।
सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में चूक की संभावना का पता लगाया जा रहा है।
बकेट का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, प्लांट में क्रेन द्वारा एक बड़े बकेट में पिघला हुआ लोहा एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बकेट का संतुलन बिगड़ गया और उसमें भरा गर्म लोहा नीचे काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गया।
यह दुर्घटना राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के स्टील प्लांट में हुई। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। गृह मंत्री वंगालापुडी अनिता ने विशाखापट्टनम के कलेक्टर और सिटी पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात कर हादसे की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने और रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के निर्देश दिए।