वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, ट्रंप ने जताई चिंता
वेनेजुएला में भूकंप का कहर
वेनेजुएला में भूकंप: बुधवार की शाम को वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने कराकस और अन्य शहरों में व्यापक नुकसान पहुंचाया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, इस आपदा में 10,000 से अधिक लोगों की मौत की 44% संभावना है, जबकि 1,00,000 से अधिक मौतों की 30% संभावना जताई गई है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है।
ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा, "वेनेज़ुएला में आए दो बड़े भूकंप अत्यंत विनाशकारी थे और इनमें कई लोगों की जान गई है। अमेरिका मदद के लिए तत्पर है! मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। हम अपने नए दोस्तों की सहायता के लिए वहां मौजूद रहेंगे। प्रारंभिक रिपोर्टें अच्छी नहीं हैं!"
रिपोर्टों के अनुसार, पहले 7.2 की तीव्रता का भूकंप आया, उसके तुरंत बाद 7.5 की तीव्रता का दूसरा भूकंप महसूस किया गया। ये दोनों भूकंप कराकस से लगभग 290 किलोमीटर पश्चिम में आए। इस प्राकृतिक आपदा ने कई होटल, इमारतों और कराकस एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचाया। यह पिछले 126 वर्षों में सबसे शक्तिशाली भूकंप है, इससे पहले 1900 में 7.7 की तीव्रता का भूकंप आया था। वर्तमान में, वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की है। सरकार ने अभी तक मौतों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।