शिक्षक दिवस पर आदर्श जूनियर हाई स्कूल में मनाया गया उत्सव
शिक्षक दिवस का उत्सव
महराजगंज से रिपोर्ट :: शनिवार को नगर के आदर्श जूनियर हाई स्कूल में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने अपने कक्षाओं को सजाकर शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं ने शिक्षकों को तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट करके की। स्वागत गान के साथ विद्यालय का माहौल उत्सवमय हो गया। इसके बाद, शिक्षकों ने भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानाध्यापक अजय जायसवाल ने केक काटकर इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अजय जायसवाल ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना और उनमें आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में शिक्षकों में विष्णु देव, भूपेन्द्र सिंह, सपना कुमारी, सावित्री जायसवाल, बरखा जायसवाल, साक्षी कांदू, नैना गौड़, लक्ष्मी यादव, नंदनी धुरिया, बंदना यादव और शशि मिश्रा सहित सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के प्रति व्यक्त किए गए सम्मान और स्नेह ने गुरु-शिष्य के संबंधों की सुंदरता को दर्शाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
रिपोर्टर विजय चौरसिया