शिक्षा सुधार की मांग पर प्रदर्शन, केजरीवाल ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
CJP का संसद मार्च: छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग
CJP संसद मार्च: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस बीच, सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया गया है।
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, "हमारे बच्चों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और आंसू गैस का प्रयोग हो रहा है। ऐसा लगता है कि मोदी जी ने शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के बजाय युवाओं पर हमला किया है। युवा इस अहंकार को बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भी चिंता जताई, उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक के कारण 22 छात्रों ने आत्महत्या की। सोनम वांगचुक 21 दिनों तक अनशन पर रहे, लेकिन प्रधानमंत्री ने जंतर-मंतर पर बैठे युवाओं से मिलने की जहमत नहीं उठाई। आखिरकार, युवाओं की आवाज़ से इतनी दूरी क्यों रखी जा रही है?
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, "हमारे सांसदों को पुलिस थाने में रखा गया है, जबकि बाहर बच्चों को पीटा जा रहा है। यह कैसी सरकार है? NEET परीक्षा में गड़बड़ी के लिए कौन जिम्मेदार है? अगर नौकरियां दी गई होतीं, तो क्या बच्चे सड़कों पर उतरते?" उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ उचित व्यवहार किया जाना चाहिए।