शिमला की संजौली मस्जिद विवाद: नमाज पर रोक का ऐलान
संजौली मस्जिद विवाद में बढ़ता तनाव
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में संजौली मस्जिद को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। देवभूमि संघर्ष समिति ने पिछले 10 दिनों से इस मस्जिद के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया है, जिसके बाद अब उन्होंने शुक्रवार को मस्जिद में नमाज पढ़ने पर रोक लगाने का ऐलान किया है।
गुरुवार को समिति के सदस्यों ने धरना स्थल पर शस्त्र पूजा भी की। उनका कहना है कि अदालत ने मस्जिद के ढांचे को अवैध घोषित किया है, इसलिए वहां नमाज पढ़ना न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन होगा। समिति ने मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि वे सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए शुक्रवार को उस स्थान पर न जाएं।
देवभूमि संघर्ष समिति के सह-संयोजक विजय शर्मा ने बताया कि वे 29 नवंबर को प्रशासन के साथ होने वाली बैठक का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर बैठक में सकारात्मक परिणाम नहीं मिलते, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जब ढांचा अवैध घोषित हो चुका है, तब भी उसमें नमाज पढ़ा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।”
हाल ही में शिमला की जिला अदालत ने नगर आयुक्त के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें संजौली मस्जिद के पूरे ढांचे को अवैध बताते हुए उसे ध्वस्त करने के आदेश दिए गए थे। इसके बाद देवभूमि संघर्ष समिति ने 21 नवंबर को मस्जिद को सील करने, बिजली और पानी की सप्लाई काटने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया था।