शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 715 अंक लुढ़का
बाजार में बिकवाली का दौर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के चलते, बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में व्यापक बिकवाली का सामना करना पड़ा। बीएसई का सेंसेक्स 715.06 अंक (0.92 प्रतिशत) गिरकर 76,755.05 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 191.45 अंक (0.79 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 23,996.25 अंक पर पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 09 जुलाई के बाद का सबसे निचला स्तर है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 4.5 प्रतिशत बढ़कर 95 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया।
बाजार में व्यापक दबाव देखा गया, जहां निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.14 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.54 प्रतिशत नीचे बंद हुए।
ऑटो और एफएमसीजी को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। रियल्टी और मीडिया सेक्टरों में ढाई प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। बैंकिंग, आईटी, वित्त, फार्मा और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक टूट गए।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर 3.5 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। इंफोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी एक से दो प्रतिशत तक नुकसान में रहे।