श्रीनगर एयरपोर्ट पर IndiGo विमान का खंभे से टकराना, सभी यात्री सुरक्षित
श्रीनगर एयरपोर्ट पर हादसा टला
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, एक विमान पार्किंग के दौरान एक खंभे से टकरा गया। यह घटना उस समय हुई जब विमान यात्रियों से भरा हुआ था। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई। फिलहाल, यह जांच की जा रही है कि हवाई पट्टी पर यह चूक कैसे हुई। एक दिन पहले ही तकनीकी समस्या के कारण IndiGo विमान को डायवर्ट किया गया था।
द कश्मीर टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची IndiGo फ्लाइट विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के खंभे से टकरा गई थी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह विमान की पार्किंग के दौरान हुई। उन्होंने कहा, 'सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं और किसी को चोटें नहीं आईं हैं।' इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा है और विमानों की उड़ान सामान्य रूप से जारी है।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर मुंबई से श्रीनगर जा रही इंडिगो की उड़ान पार्किंग के दौरान एक खंभे से टकरा गई। यह घटना सुबह करीब 9:02 बजे बे नंबर 06 पर हुई। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यात्रियों को सीढ़ियों की मदद से विमान से pic.twitter.com/CY0qWHjicx
— Vijay Sinha (@VijaySi67156108) September 4, 2026
इस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। श्रीनगर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि 6E 225 (VT-NOG) को बे 6 पर लाया जा रहा था और इसी दौरान विमान खंभे से टकरा गया। यह घटना सुबह 9 बजकर 2 मिनट के आसपास हुई। अधिकारियों ने कहा, 'जांच पूरी होने के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा और इस चरण पर कारण के बारे में कोई अंतिम बात नहीं कही जा रही है।'
एक अन्य घटना में, दोहा से बेंगलुरु जा रहे IndiGo के एक विमान को पायलट के बीमार पड़ने के कारण गुरुवार को मस्कट की ओर मोड़ दिया गया। यह उड़ान (6ई 1302) ए321 विमान के जरिए संचालित की जा रही थी।
विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा कि चालक दल के सदस्यों में से एक को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होने के कारण उड़ान को मस्कट की ओर मोड़ दिया गया। मस्कट में उतरने के बाद, संबंधित चालक दल के सदस्य का चिकित्सकीय दल ने उपचार किया और अब उनकी स्थिति बेहतर है। यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान और नए चालक दल की व्यवस्था की गई है।