संजय दत्त ने विवादित गाने पर महिला आयोग से मांगी माफी, उठाया बड़ा कदम
संजय दत्त और नोरा फतेही के गाने पर विवाद
नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता संजय दत्त और अभिनेत्री नोरा फतेही के गाने 'सरके चुनरी तेरी' को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गाने के आपत्तिजनक बोल और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान संजय दत्त ने आयोग के सामने पेश होकर न केवल अपना पक्ष रखा, बल्कि अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। इसके साथ ही उन्होंने मामले को सुलझाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
संजय दत्त का पक्ष
राष्ट्रीय महिला आयोग से समन मिलने के बाद संजय दत्त सोमवार को आयोग के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेरने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया। आयोग को इस गाने के कंटेंट को लेकर कई शिकायतें मिली थीं, जिन्हें समाज और महिलाओं के लिए बेहद आपत्तिजनक बताया गया था। संजय दत्त ने पैनल के सामने अपना पक्ष रखते हुए मामले की गंभीरता को स्वीकार किया।
आदिवासी बच्चियों की शिक्षा का जिम्मा
सुनवाई के दौरान संजय दत्त ने केवल माफी नहीं मांगी, बल्कि एक सकारात्मक पहल भी की। उन्होंने आयोग को एक अंडरटेकिंग दी है, जिसके तहत वह 50 आदिवासी बच्चियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का वादा किया है। महिला आयोग ने गाने में अश्लीलता को लेकर कड़ा रुख अपनाया था, जिसके बाद संजय दत्त ने जांच में सहयोग करने का आश्वासन भी दिया।
नोरा फतेही को अंतिम चेतावनी
इस विवादित गाने में नोरा फतेही भी मुख्य भूमिका में हैं, जिसके चलते महिला आयोग ने उन्हें भी समन भेजा है। पिछली सुनवाई में नोरा खुद उपस्थित नहीं हुईं, बल्कि उनके वकील ने आयोग के सामने पेशी दी, जिसे आयोग ने अस्वीकार कर दिया। अब आयोग ने निर्देश दिए हैं कि नोरा को व्यक्तिगत रूप से पैनल के सामने उपस्थित होना होगा, और यह उनके लिए अंतिम अवसर है। इसके अलावा, भारी विवाद और महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद 'केडी: द डेविल' फिल्म का यह गाना यूट्यूब से हटा दिया गया है। आयोग ने निर्माताओं की उस दलील को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि उन्हें गाने के प्रभाव का अंदाजा नहीं था।