संविधान दिवस पर यूपी कांग्रेस का आंदोलन, पीएल पुनिया ने की घोषणा
संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रम
लखनऊ। यूपी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1949 में इसी दिन भारत के नागरिकों ने संविधान को अपनाया था, यह संकल्प लेते हुए कि हर व्यक्ति, चाहे वह किसान हो, युवा हो, या समाज का कोई भी वर्ग हो, अपने एक वोट से देश के भविष्य को आकार देगा।
पुनिया ने आगे कहा कि इस संविधान दिवस पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस एक आंदोलन की शुरुआत करने जा रही है। इस महत्वपूर्ण लड़ाई का नेतृत्व भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे, जो लखनऊ आ रहे हैं। खड़गे का जीवन बाबा साहब अंबेडकर के सिद्धांतों और संविधान के प्रति समर्पित रहा है। उनका लखनऊ आना यह दर्शाता है कि इस लड़ाई में उत्तर प्रदेश अकेला नहीं है, बल्कि पूरा देश इसके साथ है।
26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित होने वाले ‘संविधान रक्षा मार्च’ को लेकर सांसद श्री @tanujpuniaINC जी एवं पूर्व सांसद श्री @plpunia जी की प्रेस वार्ता। https://t.co/gzZZmfLixW
— UP Congress (@INCUttarPradesh) November 25, 2026
संविधान रक्षा यात्रा 26 नवंबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निकाली जाएगी। यह यात्रा नेहरू भवन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के साथ शुरू होगी और हजरतगंज में बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर समाप्त होगी। यह यात्रा पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगी और सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
पुनिया ने कहा कि यह दुखद है कि आजादी के 79 वर्ष बाद, हमें फिर से आजादी की रक्षा के लिए एक निर्णायक लड़ाई लड़नी पड़ रही है। जिन लोगों ने आजादी के लिए संघर्ष किया, उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि आजाद भारत में फिर से एक नई आजादी की लड़ाई लड़नी पड़ेगी, और वह भी अपने वोट के अधिकार के लिए। आजादी की असली लड़ाई इसी एक वोट की लड़ाई है, जो अब खतरे में है।
भाजपा ने 2024 में संविधान में बदलाव के इरादे से चुनाव लड़ा, लेकिन जनता ने उसे रोक दिया। जब संविधान में बदलाव का रास्ता बंद हो गया, तो भाजपा ने नागरिकों के वोट पर हमला किया। पुनिया ने कहा कि आज एसआईआर के नाम पर वोट चोरी की जा रही है, जिससे 13 करोड़ लोग मताधिकार से वंचित हो गए हैं। यह केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि ये आम नागरिकों की पहचान हैं।
उत्तर प्रदेश ने आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 1857 में मंगल पांडे से लेकर पंडित नेहरू और शास्त्री तक, उत्तर प्रदेश ने हमेशा आजादी की मशाल को जलाए रखा। अब यह उत्तर प्रदेश का दायित्व है कि वह संविधान और आजादी की रक्षा करे।
संविधान दिवस पर उत्तर प्रदेश यह संकल्प लेगा कि वह भाजपा के कुत्सित इरादों को सफल नहीं होने देगा। यह लड़ाई केवल एक पार्टी की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है, जिसके लिए उसका वोट उसकी पहचान और आजादी है। बाबा साहब ने हमें संविधान दिया, अब उसे बचाने का समय है।
इस अवसर पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया, पूर्व मंत्री नकुल दुबे और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।