संसद में गाने 'सरके चुनरिया' पर विवाद, मंत्री ने लगाया बैन
संसद में गाने पर उठे सवाल
नई दिल्ली। फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनरिया' को लेकर विवाद अब संसद तक पहुंच गया है। बुधवार को समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने इस गाने के बोलों को अश्लील करार देते हुए इस पर चर्चा की, जिसके बाद सरकार ने भी कड़ा रुख अपनाया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सदन में स्पष्ट किया कि इस गाने पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ संविधान में निर्धारित 'रीज़नेबल रिस्ट्रिक्शन' का पालन करना आवश्यक है। मंत्री ने यह भी बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैलते कंटेंट को देखते हुए सरकार बच्चों, महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी।
वहीं, फिल्म के निर्देशक प्रेम जोगी ने इस विवाद पर अपनी सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि लोग बिना गाने को समझे ही गलत निष्कर्ष निकाल रहे हैं। उनके अनुसार, यह गाना किसी अश्लील उद्देश्य से नहीं बनाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नकारात्मक सोच रखने वाले लोग किसी भी चीज को गलत तरीके से देख सकते हैं। जोगी ने सेंसर बोर्ड पर भरोसा जताते हुए उसके निर्णय का समर्थन किया।
इस विवाद के बीच, निर्देशक की पत्नी रक्षिता ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पहले 'चोली के पीछे' जैसे गानों पर इतनी आपत्ति नहीं हुई, तो अब इस गाने को लेकर इतना बड़ा विवाद क्यों खड़ा किया जा रहा है?