सज्जन कुमार का निधन: 1984 के दंगों से जुड़े मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे थे
सज्जन कुमार का निधन
दिल्ली में 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक मामले में उम्रकैद की सजा भुगत रहे पूर्व सांसद सज्जन कुमार का निधन हो गया। यह जानकारी सफदरजंग अस्पताल के सूत्रों ने दी।
अस्पताल ने उनकी मृत्यु का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं किया है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने सज्जन कुमार को 1984 के दंगों के दौरान पांच सिखों की हत्या और एक गुरुद्वारे में आग लगाने के मामले में 17 दिसंबर 2018 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
कुमार तिहाड़ जेल में बंद थे और दिल्ली की एक अदालत ने दंगों के दौरान दो सिखों की हत्या से जुड़े एक अन्य मामले में भी उन्हें फरवरी 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
सज्जन कुमार तीन बार लोकसभा के सदस्य रहे और बाहरी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिन्होंने 2018 में दोषी ठहराए जाने के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।