सतलुज नदी में मछलियों की मौत का औद्योगिक प्रदूषण से कोई संबंध नहीं: पीपीसीबी
हरिके हेड वर्क्स में मछलियों की मौत की जांच
चंडीगढ़: पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) ने फिरोजपुर जिले के हरिके हेड वर्क्स के पास सतलुज नदी में मछलियों की मौत की घटना की गहन जांच पूरी कर ली है। जांच के परिणामों से यह स्पष्ट हुआ है कि नदी के उस हिस्से में औद्योगिक प्रदूषण का कोई जहरीला तत्व नहीं पाया गया है।
बोर्ड को तीन अप्रैल को एक वीडियो मिला था, जिसमें मरी हुई मछलियाँ दिखाई दे रही थीं। इसके तुरंत बाद, पीपीसीबी की एक टीम ने वैज्ञानिक स्टाफ और मत्स्य विभाग के साथ मिलकर गांव गट्टा बादशाह/दिनेके के पास हरिके हेड वर्क्स के आसपास का निरीक्षण किया। फील्ड अवलोकन में हरिके हेड वर्क्स के निचले प्रवाह में कई स्थानों पर, विशेषकर 'फिश लैडर' और बैराज के द्वारों के पास मरी हुई मछलियाँ पाई गईं, जबकि ऊपरी प्रवाह में कोई मरी हुई मछली नहीं मिली।
पीपीसीबी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, प्राथमिक परीक्षणों में ऑक्सीजन और अम्लता का स्तर सामान्य पाया गया है, जो जलीय जीवन के लिए अनुकूल है। नमूनों के परिणामों में विषाक्तता का कोई गंभीर स्तर नहीं दिखा, जिससे यह संकेत मिलता है कि इन मछलियों की मौत औद्योगिक प्रदूषण के कारण नहीं हुई। जल गुणवत्ता विश्लेषण के अनुसार, घुली हुई ऑक्सीजन का स्तर 6.2–7.7 एमजीएल के बीच रहा, जो जलीय जीवन के लिए उपयुक्त है। पीएच का स्तर 6.8 से 7.5 के बीच पाया गया, जो स्वीकार्य सीमा में है।
भारी धातुओं, सूक्ष्म तत्वों और कीटनाशकों का विश्लेषण भी निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।
मत्स्य विभाग द्वारा एकत्र किए गए और गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा विश्लेषित मछलियों के नमूने भी मौत के सटीक कारण का पता नहीं लगा सके, क्योंकि नमूने अत्यधिक सड़ चुके थे। पिछले अनुभव से पता चलता है कि प्रजनन काल यानी अप्रैल और मई के दौरान मछलियों की मृत्यु होना सामान्य है। बोर्ड सतलुज में मछलियों की मौत के किसी भी स्थानीय या अन्य कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी रखे हुए है।