सब लेफ्टिनेंट आस्था पूनिया बनीं भारतीय नौसेना की पहली महिला फाइटर पायलट
नौसेना में नया कीर्तिमान
भारतीय नौसेना की सब लेफ्टिनेंट आस्था पूनिया ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वह नेवल एविएशन की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं, जिससे वह नौसेना के फाइटर प्लेन उड़ाने वाली पहली महिला बन गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि न केवल नौसेना के इतिहास में एक मील का पत्थर है, बल्कि यह महिलाओं के लिए लड़ाकू विमानन क्षेत्र में एक प्रेरणादायक मिसाल भी है।
हाल ही में भारतीय नौसेना ने आईएनएस डेगा, विशाखापत्तनम में द्वितीय बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के स्नातक समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट अतुल कुमार धुल और सब लेफ्टिनेंट आस्था पूनिया को ‘विंग्स ऑफ गोल्ड’ से सम्मानित किया गया।
‘विंग्स ऑफ गोल्ड’ का यह सम्मान रियर एडमिरल जनक बेवली, एसीएनएस (एयर) द्वारा प्रदान किया गया। इसी ऐतिहासिक अवसर पर सब लेफ्टिनेंट आस्था पूनिया ने यह नया कीर्तिमान स्थापित किया। नौसेना के अनुसार, वह अब नेवल एविएशन की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।
भारतीय नौसेना का कहना है कि उन्होंने पहले से ही महिला अधिकारियों को पायलट बनने का अवसर दिया है। महिलाएं एमआर विमानों और हेलीकॉप्टरों में पायलट और नौसेना वायु संचालन अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। अब फाइटर स्ट्रीम में एसएलटी आस्था पूनिया की नियुक्ति, नौसेना विमानन में लैंगिक समावेशन के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह कदम नारी शक्ति को बढ़ावा देने के संकल्प को सशक्त बनाता है।
भारतीय नौसेना समुद्री जहाजों और युद्धपोतों के माध्यम से देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करती है। इसके साथ ही, नौसेना में फाइटर पायलट भी होते हैं, जो नौसेना के लड़ाकू विमान उड़ाते हैं। इनकी जिम्मेदारी समुद्री सीमा पर निगरानी रखना और दुश्मन को दूर रखने के लिए त्वरित कार्रवाई करना होती है। कई महत्वपूर्ण मौकों पर ये पायलट दुश्मन के ठिकानों और समुद्री बेड़े की जानकारी जुटाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि सब-लेफ्टिनेंट आस्था नौसेना विमानन की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला बनीं। उन्होंने सभी बाधाओं को पार करते हुए नौसेना में महिला फाइटर पायलटों के एक नए युग का मार्ग प्रशस्त किया है।
यह ध्यान देने योग्य है कि भारतीय नौसेना की महिला पायलट पहले से ही टोही विमान और हेलीकॉप्टर स्ट्रीम में कार्यरत हैं। लेकिन आस्था पूनिया पहली महिला हैं जो नौसेना में लड़ाकू विमान उड़ाएंगी।
हालांकि, नौसेना की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें कौन से फाइटर जेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारतीय नौसेना के पास कई प्रकार के फाइटर जेट हैं, जो आईएनएस विक्रमादित्य और आईएनएस विक्रांत से उड़ान भरने में सक्षम हैं।