समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 51 प्रतिभाओं को किया सम्मानित
समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान
ग्रेटर नोएडा: समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अपने स्थापना दिवस पर आयोजित 8वें राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह में शौर्य, शिक्षा, समाज सेवा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कला-संस्कृति और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नौ राज्यों की 51 प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। समारोह के मुख्य अतिथि, राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार प्राप्त एवं गौतमबुद्ध नगर के अपर पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि इन विजेताओं ने समाज और देश का गौरव बढ़ाया है। निश्चित रूप से ये पुरस्कार उन्हें प्रोत्साहित करेंगे और अन्य प्रतिभाओं को भी प्रेरणा देंगे।
सम्मान समारोह का आयोजन नॉलेज पार्क-3 स्थित PIIT ग्रेटर नोएडा के सभागार में हुआ, जिसकी अध्यक्षता कुमाऊं गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर बीएस राजपूत ने की। कार्यक्रम में एसकेएफआई के मुख्य संरक्षक प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्री बच्चन ने कहा कि आज जिन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया है, उन्होंने उत्कृष्टता का परिचय दिया है। संगठन के अभियान 'विकसित समाज, सशक्त भारत' को आगे बढ़ाने में इनका समर्पण प्रेरणादायक है।
डॉ. भरत सिंह ने एसकेएफआई के सदस्यों का मान बढ़ाते हुए कहा कि यह संगठन सामाजिक परिवर्तन का प्रथप्रदर्शक है, जो अपनी उपलब्धियों और नवाचारों के माध्यम से राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिन राज्यों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया है, उनमें राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश शामिल हैं।
डॉ. भरत सिंह, प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन भी हैं। उन्होंने संस्थान के माध्यम से एसकेएफआई द्वारा गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने की घोषणा की, यह कहते हुए कि उनका उद्देश्य है कि देश का कोई बच्चा अनपढ़ न रहे और सभी युवाओं को रोजगार मिले।
कार्यक्रम में राष्ट्र गौरव के अलावा राजस्थान गौरव, गुजरात गौरव, पत्रकार गौरव, बाल कला रत्न, नोएडा गौरव, बुलंदशहर गौरव, साहित्य भूषण, साहित्य गौरव, शिक्षक गौरव, समाज भूषण एवं समाज रत्न सम्मान से भी कई प्रतिभाओं को अलंकृत किया गया। समारोह में मंचासीन अतिथियों को पुष्प गुच्छ, मोमेंटो एवं साल देकर सम्मानित किया गया। पीआईआईटी की प्रमुख अधिकारी श्रीमती मिथलेश सिंह और श्रीमती जागेश सिंह ने वंदेमातरम प्रस्तुत किया। संस्थान के छात्रों ने गणेश वंदना की और विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
मंच संचालन प्रोफेसर बबलू रावत ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पीआईआईटी के निदेशक आर. के. शाक्य ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सुरेश वर्मा जसाला, संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अमित सक्सेना, युवा प्रकोष्ठ के महासचिव सुधांशु श्रीवास्तव, हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष दीपक कुमार गंगोल, राजस्थान के अध्यक्ष रामस्वरूप भटनागर, पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष कुमार अभिनव, उत्तर प्रदेश सचिव अशोक कुमार श्रीवास्तव, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संयोजक संजीव भारद्वाज, बुलंदशहर के संरक्षक राम दिवाकर, जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र गुप्ता, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव, भाजपा नेता आनंद साहू, शिक्षक एवं साहित्यकार शरद चंद्र के अलावा कई अधिवक्ता, समाजसेवी, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।