समाजवादी सांसद प्रिया सरोज का धान रोपाई का वीडियो हुआ वायरल
प्रिया सरोज का वायरल वीडियो
उत्तर प्रदेश के जौनपुर की मछली शहर लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज का धान की रोपाई करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो को न केवल सपा कार्यकर्ताओं ने, बल्कि अन्य यूजर्स ने भी काफी सराहा है। प्रिया के इस वीडियो पर लोगों के लाइक और कमेंट्स की बाढ़ आ गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रिया सरोज ने रविवार को वाराणसी के पास अपने पैतृक गांव करखियाव में कुछ महिलाओं के साथ मिलकर धान की रोपाई की। उन्होंने इस गतिविधि का वीडियो अपने फेसबुक और X पर एक रील के रूप में साझा किया, जिसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में प्रिया के साथ अन्य महिलाएं भी धान के पौधे लगाते हुए दिखाई दे रही हैं।
हाल ही में हुई सगाई
प्रिया सरोज, जो केराकत (जौनपुर) के विधायक तूफानी सरोज की बेटी हैं, पेशे से सुप्रीम कोर्ट की वकील भी हैं। हाल ही में उनकी सगाई अलीगढ़ के प्रसिद्ध क्रिकेटर रिंकू सिंह के साथ हुई है, और दोनों जल्द ही शादी करने की योजना बना रहे हैं।
मानसून सत्र की जानकारी
प्रिया सरोज ने वायरल रील के साथ एक महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की है। उन्होंने जनपद जौनपुर में 110 विद्यालयों के मर्ज/पेयर्ड करने के आदेश से प्रभावित वर्गों की जिलाधिकारी से जानकारी मांगी है। अपनी पोस्ट में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 21 जुलाई से 21 अगस्त 2025 तक दिल्ली के संसद भवन में मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा।