सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि की अफवाहों को किया खारिज
पेट्रोलियम मंत्रालय का बयान
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में तेल और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और पेट्रोल तथा डीजल की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं होने जा रही है। बुधवार को सरकार ने बताया कि कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कोई कमी नहीं है। सप्लाई करने वाले टर्मिनलों पर भी पर्याप्त स्टॉक है।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने दिल्ली में आयोजित एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोगों को पेट्रोल या डीजल खरीदने में घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में पैनिक बाइंग के कारण कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गई हैं। सुजाता शर्मा ने कहा, ‘हमारे पास सालाना लगभग 26 करोड़ टन कच्चा तेल रिफाइन करने की क्षमता है।’
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि पिछले 25 दिनों में लगभग 2.5 लाख नए पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं। लगभग 2.2 लाख उपभोक्ताओं ने एलपीजी से पीएनजी में परिवर्तन किया है। सरकार ने उन लोगों के लिए पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया है, जिनके घर के पास पीएनजी की पाइपलाइन है। यदि वे कनेक्शन नहीं लेते हैं, तो तीन महीने की नोटिस के बाद उनकी एलपीजी कनेक्शन समाप्त कर दिया जाएगा।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि एलपीजी रिफिल बुकिंग के समय में बदलाव की खबरें और सोशल मीडिया पर चल रही जानकारी पूरी तरह से गलत हैं। बुकिंग की मौजूदा समय सीमा में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। कुछ खबरों में यह दावा किया गया था कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन के लिए नई समय सीमा निर्धारित की गई है, जिसे सरकार ने गलत बताया है।