सहारनपुर में हेलीकॉप्टर से दूल्हे की अनोखी बारात
हेलीकॉप्टर से बारात का सफर
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मोहम्मद सालिम ने अपने बचपन के सपने को साकार करते हुए हेलीकॉप्टर से बारात निकाली। यह अनोखी शादी देहात कोतवाली क्षेत्र के बीजोपुरा में हुई। दूल्हा हेलीकॉप्टर के जरिए लगभग 20 किलोमीटर की यात्रा कर ससुराल पहुंचा, जिससे गांव में चर्चा का विषय बन गया।
गांव के लोगों ने धूमधाम से दूल्हे का स्वागत किया। आसमान से दूल्हे को उतरते देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सालिम की शादी सहारनपुर के बीजोपुर निवासी जमशेद की बेटी जुनेद प्रवीण से हो रही है। जब दूल्हा हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचा, तो वहां परिजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सहारनपुर के नागल क्षेत्र के गांव तांशीपुर निवासी मोहम्मद सालिम उर्फ चंदू अपनी बारात लेकर हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचा। यहां दूल्हे को आसमान से उतरते देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव की लड़कियों ने कहा- मुझे भी ऐसा दुल्हा चाहिए। https://t.co/ZT2QJCsjsO
— Shahbaz Khan (@ShahbazKhan8077) October 26, 2026
दूल्हा एक किसान है और उसका सपना था कि वह अपनी बारात हेलीकॉप्टर से ले जाए। सालिम ने बताया कि दुल्हन जुनेद प्रवीण की विदाई भी हेलीकॉप्टर से होगी। दूल्हे ने कहा कि उसने इस शादी के लिए कोई ढोल-बाजा नहीं रखा। इस अनोखी शादी को देखने के लिए गांव में लोगों की भीड़ लगी रही और कई लोगों ने हेलीकॉप्टर के साथ सेल्फी भी ली।
ससुरालवालों ने पहले से ही हेलीपैड की व्यवस्था कर रखी थी, जहां दूल्हे का हेलीकॉप्टर आराम से उतरा। लोग न केवल हेलीकॉप्टर के साथ तस्वीरें ले रहे थे, बल्कि दूल्हे के साथ भी फोटो खिंचवा रहे थे। शादी के दिन दूल्हा-दुल्हन का महत्व तो होता ही है, लेकिन इस तरह की खास बारात ने इस जोड़े को और भी खास बना दिया।