×

साइबर धोखाधड़ी: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति से 5.64 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस ने आरोपी के पास से 20 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई की। जानें कैसे आरोपी ने अपने शिकार को ठगा और क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।
 

साइबर पुलिस ने की कार्रवाई


  • पुलिस ने आरोपी के पास से कमीशन के रूप में मिले 20 हजार रुपये किए बरामद


जींद। साइबर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को फर्जी ऑनलाइन निवेश के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 20 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। साइबर थाना प्रभारी जगदीप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गांव धमतान साहिब के निवासी राममेहर ने पुलिस को शिकायत दी थी।


राममेहर ने बताया कि उसने यूट्यूब पर ऑनलाइन ट्रेडिंग का एक विज्ञापन देखा था।


ट्रेडिंग ग्रुप में शामिल होकर ठगी का शिकार


विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। वहां उसे ट्रेडिंग के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। उसके फोन में फिनवेव प्रो एप डाउनलोड करवा कर उसमें खाता बनाने के लिए कहा गया। खुद को ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताते हुए, उसे विभिन्न बैंक खातों में पैसे भेजने के लिए प्रेरित किया गया।


राममेहर ने उनके झांसे में आकर अलग-अलग तिथियों में कुल 5 लाख 64 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने पैसे वापस निकालने की कोशिश की, तो उसे निकासी में समस्या आई और बाद में उसे ग्रुप से भी ब्लॉक कर दिया गया।


राममेहर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया और तकनीकी जांच के आधार पर भोपाल, मध्य प्रदेश के निवासी मनीष को गिरफ्तार किया। उसके पास से कमीशन के रूप में मिले 20 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।


साइबर थाना प्रभारी जगदीप सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप, फर्जी ट्रेडिंग एप या ऑनलाइन निवेश योजनाओं के झांसे में आकर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी निवेश से पहले संबंधित कंपनी या व्यक्ति की वैधता की पूरी जांच करें। यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।