सिएटल में फूड फेस्टिवल के दौरान गोलीबारी, कई घायल
सिएटल में गोलीबारी की घटना
सिएटल - अमेरिका के सिएटल में एक फूड फेस्टिवल के दौरान सामूहिक गोलीबारी की घटना सामने आई है। पुलिस ने बताया कि यह घटना सिएटल सेंटर के पास सालाना बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल के दौरान हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।
सिएटल पुलिस ने रविवार रात को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "हम गोलीबारी की जांच कर रहे हैं। कई लोग इस घटना के शिकार हुए हैं। कृपया उस क्षेत्र से दूर रहें।" इस घटना ने फूड फेस्टिवल में उपस्थित लोगों में घबराहट पैदा कर दी। पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत इमरजेंसी कार्रवाई शुरू की गई। हालांकि, घायलों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस ने अभी तक किसी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया है। सिएटल सेंटर मनोरंजन और संस्कृति का एक प्रमुख केंद्र है, जिसमें कई प्रसिद्ध आकर्षण शामिल हैं।
डब्ल्यूबीएएल-टीवी के अनुसार, उस समय बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल चल रहा था, जो शहर के सबसे पुराने और लोकप्रिय फूड फेस्टिवल में से एक है। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ गवाहों ने बताया कि उन्होंने वेन्यू के अंदर 7-8 गोलियों की आवाज सुनी। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने गिरफ्तारी या घटना के संभावित कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
यह घटना 19 जुलाई को एरिजोना के टक्सन में हुई एक अन्य गोलीबारी के ठीक बाद हुई है, जिसमें संदिग्ध समेत दस लोग घायल हुए थे। टक्सन पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 2 बजे हुई थी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस अधिकारियों ने गोलियों की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। टक्सन पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "एक संदिग्ध हिरासत में है और कई पीड़ितों का गंभीर चोटों के लिए इलाज किया जा रहा है।" टक्सन की मेयर ने इसे एक गंभीर और बेमतलब की घटना बताया। संदिग्ध और पीड़ितों की पहचान अभी तक नहीं की गई है।