सिक्किम में भूस्खलन से सेना के तीन जवानों की मौत, छह लापता
सिक्किम में भूस्खलन की घटना
गंगटोक: पूर्वोत्तर भारत, विशेषकर सिक्किम में हो रही भारी बारिश के कारण रविवार शाम को उत्तरी क्षेत्र के छतेन में एक सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आ गया। इस दुखद घटना में तीन जवानों की जान चली गई, जबकि छह सुरक्षाकर्मी लापता हैं। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह भूस्खलन शाम करीब 7 बजे हुआ। अब तक घटनास्थल से तीन शव बरामद किए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण भू-भाग के बावजूद बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। सेना के अधिकारियों ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि तीन शवों को निकाला गया है और चार अन्य जवानों को मामूली चोटों के साथ सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। लापता छह कर्मियों की खोज के लिए बचाव दल लगातार कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं।
यह ध्यान देने योग्य है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम और मणिपुर जैसे राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन से व्यापक तबाही हुई है। असम में बारिश ने पिछले 132 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।