सिरसा में आवारा कुत्तों के हमले में 9 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल
दर्दनाक घटना का सामना
सिरसा- हरियाणा के सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के रामपुरा ढिल्लों गांव में शनिवार को एक दुखद घटना घटी। स्कूल से घर लौटते समय एक नौ वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने लगभग पांच मिनट तक बच्चे को बुरी तरह से काटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, राजकीय प्राथमिक स्कूल से छुट्टी के बाद रामलाल का बेटा कर्ण घर लौट रहा था, तभी अचानक कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे के शरीर के कई हिस्सों, जैसे हाथ, पैर, मुंह, गर्दन, सीना और सिर पर गहरे जख्म आए हैं। राहगीरों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर किसी तरह बच्चे को कुत्तों से बचाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को तुरंत सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव के सरपंच रविल सिंवर ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। स्कूल के पास हड्डा रोड़ी होने के कारण 40-50 कुत्तों का झुंड वहां मौजूद रहता है, जो पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। उन्होंने प्रशासन से कुत्तों को पकड़कर इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।