सीबीआई ने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो पर छापा, रिश्वतखोरी का मामला उजागर
सीबीआई की कार्रवाई
चंडीगढ- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मोहाली में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के कार्यालय पर छापा मारा। इस छापे के दौरान, विजिलेंस ब्यूरो के निदेशक एस.एस. चौहान के रीडर को हिरासत में लिया गया, जिन पर 25 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले सीबीआई ने चंडीगढ़ के एक फाइव स्टार होटल में भी छापा मारा, जहां एक संदिग्ध डील चल रही थी। यहां इंस्पेक्टर ओ.पी. राणा, जो विजिलेंस चीफ के रीडर बताए जा रहे हैं, और एक बिचौलिए राघव गोयल को रिश्वत की डील करते हुए पकड़ा गया। इस दौरान लगभग 13 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। राघव गोयल को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि ओ.पी. राणा मौके से भाग गए।
हालांकि, गनमैन से मिली सूचना के बाद अन्य लोग भी भाग निकले थे। इसके बाद सीबीआई ने पीछा कर दो आरोपियों को पंजाब-हरियाणा सीमा पर अंबाला के पास पकड़ लिया। पंजाब विजिलेंस के अधिकारी शरद सत्यम चौहान ने बताया कि प्राइवेट व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है और सीबीआई जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह सौदा एक पांच-सितारा होटल में 'गोयल' नाम के बिचौलिए के माध्यम से तय हुआ था। जल्द ही और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है। विजिलेंस चीफ के 'रीडर' ओपी राणा को केंद्रीय एजेंसी ने हिरासत में लिया है, क्योंकि रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के इस कथित नेटवर्क की जांच अब तेज हो गई है।