सीमा कुमारी ने एशियन गेम्स 2026 में जीता ब्रॉन्ज मेडल
सीमा कुमारी का ऐतिहासिक प्रदर्शन
नागोया - भारतीय एथलीट सीमा कुमारी ने 'एशियन गेम्स 2026' में महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत का 16 साल का इंतजार समाप्त किया। गुरुवार को मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित फाइनल में सीमा ने 32:50.05 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।
इस दौड़ में बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 32:39.18 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान की नोजोमी तनाका ने 32:41.54 सेकंड में रजत पदक अपने नाम किया। सीमा एशियन गेम्स में 10,000 मीटर दौड़ में मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला बनीं। इससे पहले, 2010 में प्रीजा श्रीधरन ने स्वर्ण पदक जीता था, जबकि कविता राउत ने उसी इवेंट में रजत पदक हासिल किया था।
सीमा ने शुरुआती 2,000 मीटर में शानदार प्रदर्शन किया, पहले 1,000 मीटर को 3:18.12 सेकंड में पूरा किया और 2,000 मीटर का मार्क 6:36.13 सेकंड में पार किया। हालांकि, वह धीरे-धीरे चौथे स्थान पर खिसक गईं, लेकिन आगे चल रही एथलीटों के करीब बनी रहीं। जब दौड़ के अंतिम 1,000 मीटर बचे थे, तब उन्होंने फिर से तीसरे स्थान पर वापसी की और फाइनल स्टेज में अपनी स्थिति बनाए रखते हुए ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित किया। सीमा बहरीन की विनफ्रेड यावी से 10.87 सेकंड पीछे रहीं, जबकि कजाकिस्तान की डेजी जेपकेमेई ने 33:03.21 सेकंड के समय के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया।
सीमा कुमारी का जन्म 10 जनवरी 2001 को हिमाचल प्रदेश में हुआ। वह भारत की प्रमुख लॉन्ग-डिस्टेंस रनर्स में से एक हैं, जिनके मुख्य इवेंट्स 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ हैं। उन्होंने मार्च में कैलिफोर्निया में 'द टेन' इवेंट में 10,000 मीटर दौड़ में 32:02.43 का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकाला और कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में पांचवां स्थान हासिल किया। इसके बाद अप्रैल में उन्होंने 5,000 मीटर दौड़ में भी अपना सर्वश्रेष्ठ समय 15:16.20 में सुधार किया। सीमा ने एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में 5,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता और हांगकांग में 2024 एशियन क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया।