☰
×

सुल्तानपुर में संजय सिंह का जोरदार भाषण: शिक्षा और रोजगार पर उठाए सवाल

सुल्तानपुर में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने एक जनसभा में शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर मोदी और योगी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने अग्निवीर योजना को युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर मजाक बताया और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती घोटालों पर चिंता जताई। संजय सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने 27 हजार सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया है, जबकि शराब की दुकानें तेजी से खोली जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करें।
 

सुल्तानपुर में आम आदमी पार्टी का जनसभा


सुल्तानपुर। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में शिक्षा, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से काम कर रही है। इसी संदर्भ में सुलतानपुर की जयसिंहपुर विधानसभा में एक बड़ी जनसभा और कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सभा में आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश में हो रहे पेपर लीक, अग्निवीर योजना के तहत युवाओं के साथ धोखा, बंद होते सरकारी स्कूलों और व्यापक भ्रष्टाचार पर केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला किया।


अग्निवीर योजना पर संजय सिंह की तीखी टिप्पणी


सांसद संजय सिंह ने अग्निवीर योजना को युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर मजाक करार दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और सुलतानपुर की माताएं अपने बच्चों को देश सेवा के लिए तैयार करती थीं, लेकिन मोदी सरकार ने उन्हें 4 साल की संविदा नौकरी थमा दी, जिसमें न पेंशन है और न ही चिकित्सा सुविधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी पहले भाजपा के सभी विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के बेटों को अग्निवीर बनाएं, और उनका वेतन आम आदमी पार्टी चंदा जुटाकर वहन करेगी।


बेरोजगारी और भर्ती घोटालों पर योगी सरकार की आलोचना


संजय सिंह ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती घोटालों पर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यूपी में सिपाही, दरोगा, शिक्षक, प्रोफेसर, डॉक्टर, इंजीनियर, पीसीएस-जे और नीट तक की परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। मोदी सरकार ने 12 वर्षों में 24 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत में युवा सड़कों पर लाठियां खाने को मजबूर हैं।


शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर संजय सिंह की चिंता


शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए संजय सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने 27 हजार सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया है, जबकि इसी दौरान 27 हजार नई शराब की दुकानें खोली गई हैं। स्कूलों में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर नमक-रोटी खाने को मजबूर हैं। इसके विपरीत, अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को वातानुकूलित किया और माताओं-बहनों के लिए मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त बिजली-पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराईं।


सांसद ने कहा कि जब जनता सड़क, अस्पताल, बिजली, पानी और स्कूल मांगती है, तो प्रधानमंत्री और भाजपा के नेता श्मशान और कब्रिस्तान का राग अलापते हैं। उन्होंने स्थानीय पारस पट्टी में पानी की टंकी निर्माण में भ्रष्टाचार और प्रभु राम मंदिर निर्माण के नाम पर चंदे में धांधली का उल्लेख किया।


संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अब समय आ गया है कि वोट चोरी और तानाशाही के खिलाफ गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक किया जाए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले एक महीने में प्रत्येक गांव में मजबूत बूथ कमेटियों का गठन किया जाए। इसके बाद जयसिंहपुर विधानसभा में 5 हजार कार्यकर्ताओं का ऐतिहासिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।