सोनम वांगचुक का आंदोलन का अल्टीमेटम: लद्दाख मुद्दे पर ठोस आश्वासन की मांग
लद्दाख के मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी
लेह। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार लद्दाख के मुद्दे पर ठोस आश्वासन नहीं देती, तो वे 19 से 24 सितंबर के बीच आंदोलन करेंगे। हाल ही में, लेह और कारगिल के नेताओं की दिल्ली में केंद्र सरकार के साथ बैठक हुई थी। इस बैठक में सरकार ने लद्दाख में निर्वाचित निकाय स्थापित करने पर सहमति जताई, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
सोनम वांगचुक ने बैठक के परिणामों पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, तो वे फिर से आंदोलन की राह अपनाएंगे। वांगचुक ने कहा, 'हम सरकार पर विश्वास करते हैं, इसलिए हम हर बार बातचीत के लिए आते हैं। हमें उम्मीद है कि यह विश्वास टूटेगा नहीं।' उन्होंने यह भी कहा कि बैठक का माहौल अच्छा था, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।
उन्होंने यह भी बताया कि 9 सितंबर की बैठक का उद्देश्य 10 सितंबर से शुरू होने वाली लेह से कारगिल की पदयात्रा से ध्यान भटकाना था। वांगचुक ने कहा कि चार महीने पहले जो निर्णय लिए गए थे, उन्हें ही दोहराया गया। कोई नया प्रस्ताव नहीं आया और लद्दाख की मांगों पर सरकार ने स्पष्ट उत्तर नहीं दिया। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने स्थानीय शासन और भूमि से संबंधित नियमों में बड़े बदलाव न करने का आश्वासन भी नहीं दिया।