सोनम वांगचुक की रिहाई: एनएसए हटाने के बाद 170 दिन बाद जेल से बाहर
सोनम वांगचुक की रिहाई
नई दिल्ली। प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जेल से रिहा कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने उन पर लगाए गए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) को भी हटा लिया है। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हुआ, जिसके चलते वांगचुक को शनिवार को जोधपुर जेल से रिहा किया गया। वे 170 दिनों तक जेल में रहे।
गृह मंत्रालय के अनुसार, सोनम वांगचुक ने एनएसए के तहत अपनी हिरासत का लगभग आधा समय पूरा कर लिया था। सरकार के निर्णय के बाद, उनकी पत्नी गीतांजलि सुबह करीब 10 बजे जोधपुर जेल पहुंचीं। सभी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद, उन्हें दोपहर सवा बजे रिहा किया गया। सोनम वांगचुक अपनी पत्नी के साथ एक निजी वाहन में जेल से बाहर आए।
लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और उसे छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा था। वांगचुक भी अनशन पर थे, जिसके दौरान 24 सितंबर 2025 को लेह में हिंसा हुई थी। इसके बाद, 26 सितंबर को उन्हें एनएसए के तहत हिरासत में लिया गया और तुरंत जोधपुर भेजा गया।
सरकार ने वांगचुक को रिहा करने का निर्णय सुप्रीम कोर्ट में उनकी याचिका पर 17 मार्च को होने वाली अंतिम सुनवाई से दो दिन पहले लिया। कोर्ट ने उस वीडियो और फोटो को देखने की बात कही है, जिनके आधार पर सरकार ने वांगचुक के खिलाफ एनएसए लगाया था। इस बीच, केंद्र सरकार ने कहा कि वांगचुक की रिहाई का निर्णय लद्दाख में शांति और संवाद का माहौल बनाने के लिए लिया गया है। सरकार ने यह भी बताया कि लद्दाख में विभिन्न समुदायों और नेताओं के साथ लगातार बातचीत की जा रही है।