सोनीपत में दीवाली रात खूनी संघर्ष, मामूली विवाद ने ली जान
सोनीपत में हुई घटना
हरियाणा समाचार: सोनीपत जिले में रविवार रात एक मामूली विवाद ने खूनखराबा कर दिया। दीवाली की रात खरखौदा में रोहतक रोड पर स्थित आंबेडकर पार्क में एक परिवार का चिराग बुझ गया। विवाद के बाद कुछ युवकों ने 37 वर्षीय दीपक और उनके साथियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दीपक के सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस झड़प में उनके दो साथी धोलू और अन्ना भी घायल हो गए।
कहासुनी से शुरू हुआ विवाद
दीवाली की रात खरखौदा के आंबेडकर पार्क में कुछ युवक मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि खरखौदा के चार से पांच युवकों ने दीपक और उसके साथियों पर हमला किया।
गंभीर चोट के कारण मौत
इस झड़प के दौरान दीपक के सिर पर गंभीर चोट आई। चोट इतनी घातक थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस बीच, धोलू और अन्ना भी घायल हो गए। घटना के बाद पार्क में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। दीवाली की रात हुई इस हत्या से खरखौदा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी अनिल का कहना है कि शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।