सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
सोनौली बॉर्डर पर अधिकारियों का संयुक्त निरीक्षण
महराजगंज :: भारत-नेपाल के महत्वपूर्ण सोनौली सीमा पर गुरुवार को गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह, गोरखपुर रेंज के डीआईजी एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मिलकर निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सीमा पर सुरक्षा, आवागमन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने एसएसबी और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ाने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने पहले नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के मुड़िला में बहुउद्देशीय हब का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, इस हब के शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इसके बाद, टीम ने थाना सोनौली स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का निरीक्षण किया। यहां तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने थाना नौतनवा क्षेत्र में निर्माणाधीन फायर स्टेशन का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
रिपोर्ट: विजय चौरसिया