सोनौली में घटिया निर्माण पर कार्रवाई, सभासद रवि वर्मा की पहल से खुली पोल
सोनौली में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर उठे सवाल
आदर्श नगर पंचायत सोनौली में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अब कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कई वार्डों में खामियों की पहचान के बाद संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे ठेकेदारों और विभाग में हड़कंप मच गया है।
विशेष रूप से वार्ड नंबर 11 में आइडियल पब्लिक स्कूल गली में बन रही सीसी रोड के निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
इस मामले में मनोनीत सभासद रवि वर्मा ने सक्रियता दिखाई और खुद मौके पर जाकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उनके निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है और घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है।
रवि वर्मा की सख्ती के कारण यह मामला उजागर हुआ, जिसके बाद अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि ऐसे जनप्रतिनिधि समय पर आवाज न उठाते, तो भ्रष्टाचार इसी तरह चलता रहता।
इस संदर्भ में जेई विजय प्रताप ने बताया कि वार्ड नंबर 11 के वाल्मीकि नगर में सीसी रोड निर्माण में गुणवत्ता की कमी पाई गई है, जिसके चलते संबंधित पक्ष को दो नोटिस जारी किए गए हैं।
अब यह देखना होगा कि नोटिस के बाद केवल कागजी कार्रवाई होती है या वास्तव में जिम्मेदारों के खिलाफ ठोस कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल, सभासद रवि वर्मा की पहल ने नगर पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों की सच्चाई को उजागर कर दिया है।