सोनौली में जाम की समस्या के समाधान के लिए व्यापारियों और पुलिस की बैठक
सोनौली में जाम की समस्या पर चर्चा
महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा से जुड़े सोनौली कस्बे में जाम और अतिक्रमण की समस्या को हल करने के लिए सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक का आयोजन पूर्व सपा चेयरमैन प्रत्याशी और समाजसेवी बैजू यादव की पहल पर हुआ, जिसमें व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस प्रशासन से मिला और जाम के स्थायी समाधान पर चर्चा की। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे नगरवासियों और व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय कुमार सिंह (बबलू सिंह) ने की। बैजू यादव के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल सीमा चौकी सोनौली पहुंचा, जहां एसएसआई आर.सी. राय और चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज के साथ जाम की समस्या पर चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जाम के कारण व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और भारत-नेपाल सीमा से आने-जाने वाले पर्यटकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैजू यादव ने कहा कि सोनौली की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय सीमा नगर के रूप में है, लेकिन अव्यवस्थित यातायात और अतिक्रमण के कारण नगर की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जाम की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
व्यापारियों ने प्रशासन को बताया कि रामजानकी चौक, मुख्य बाजार और सीमा क्षेत्र में अव्यवस्थित ई-रिक्शा और ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही जाम का मुख्य कारण है।
बैठक के बाद पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए कई कदम उठाए जाएंगे। इनमें रामजानकी चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ई-रिक्शा और ऑटो का निर्धारित टेंपो स्टैंड से संचालन, और अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान शामिल हैं।
बैजू यादव ने पुलिस प्रशासन के सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए कहा कि यदि प्रशासन और व्यापारी मिलकर काम करें, तो सोनौली को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सकती है।
बैठक में अमित गुप्ता, प्रवीण मद्धेशिया, राजू पटवा, श्रीनिवास जायसवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने बैठक में लिए गए फैसलों के जल्द क्रियान्वयन की उम्मीद जताई।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट