सोनौली में विजयादशमी पर कुश्ती दंगल का आयोजन
कुश्ती दंगल का आयोजन
महराजगंज :: विजयादशमी के अवसर पर सोनौली नगर पंचायत के श्यामकाट बगीचे में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। यह दंगल क्षेत्र की लुप्त होती कुश्ती परंपरा को पुनर्जीवित करने और युवा पहलवानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा समाजसेवी सोनू साहू द्वारा आयोजित किया गया। इस दंगल में भारत और नेपाल के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दंगल में दो दर्जन से अधिक पहलवानों ने भाग लिया और अपने दांव-पेंच दिखाए। मुकाबले के दौरान पहलवान एक-दूसरे को हराने के लिए जोरदार प्रयास करते नजर आए। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों दर्शक उपस्थित रहे, और पहलवानों के हर दांव पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा बगीचा गूंज उठा।
सोनू साहू ने दंगल का उद्घाटन दो पहलवानों का हाथ मिलवाकर और फीता काटकर किया। कुश्ती का मुकाबला दोपहर बाद शुरू होकर शाम करीब पांच बजे तक चला। इस दौरान दर्शक अखाड़े के चारों ओर खड़े होकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। भारत और नेपाल के पहलवानों के बीच हुए मुकाबले ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
आयोजन के अंत में विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। पहले पुरस्कार के विजेता को एक आकर्षक रेंजर साइकिल दी गई, जबकि अन्य विजेताओं को नकद राशि और विभिन्न उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजक सोनू साहू ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और कुश्ती हमारी मिट्टी से जुड़ी एक पारंपरिक खेल विधा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी, पारंपरिक कुश्ती को नई पहचान मिलेगी और युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट