सोनौली सीमा पर स्लीपर बस से तस्करी का सामान बरामद, दो लोग हिरासत में
स्लीपर बस से संदिग्ध सामान की बरामदगी
नेपाल के बुटवल से यात्रियों को छोड़कर लौट रही एक स्लीपर बस से सोनौली सीमा पर एसएसबी ने संदिग्ध तस्करी का सामान बरामद किया है। बस की गहन जांच के दौरान नेपाली नूडल्स, सिगरेट, गुटखा, साड़ियां और इमिटेशन ज्वेलरी मिली। चालक द्वारा सामान के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किया गया। एसएसबी ने बस, बरामद सामान और दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कस्टम विभाग को सौंप दिया।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे 36-सीटर स्लीपर बस संख्या एआर06 सी 9161 ने सोनौली के मुख्य मार्ग से 46 नेपाली यात्रियों को बुटवल पहुंचाया। यात्रियों को छोड़ने के बाद बस खाली होकर भारत लौट रही थी। शाम करीब सात बजे सोनौली सीमा पर एसएसबी के जवानों ने नियमित जांच के दौरान बस को रोका और उसकी गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बस से नेपाली नूडल्स के 35 कार्टन, 25 साड़ियां, नेपाली सिगरेट के 30 पैकेट, गुटखा के 32 पैकेट और 412 नग इमिटेशन ज्वेलरी बरामद की गई। एसएसबी ने चालक से सामान के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात नहीं दिखा सका।
पूछताछ में हिरासत में लिए गए व्यक्तियों ने अपने नाम सावराम काना (36) और प्रकाश रेवाजी (45) बताया, जो गुजरात के निवासी हैं। दोनों ने स्वीकार किया कि वे बरामद सामान को मुंबई ले जाने की योजना बना रहे थे।
एसएसबी 22वीं वाहिनी की सहायक कमांडेंट सोनौली प्रिया यादव ने बताया कि बरामद सामान, बस और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई। शनिवार को जब्त सामान और संबंधित दस्तावेजों को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सौंप दिया गया।