सौरभ राज जैन और अर्पित रांका ने महाकाल मंदिर में की प्रार्थना
महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती
उज्जैन: टीवी के प्रसिद्ध कलाकार सौरभ राज जैन और अर्पित रांका ने श्री महाकालेश्वर मंदिर जाकर भस्म आरती में भाग लिया। उन्होंने अपने नए शो 'मेरे कृष्ण' की सफलता के लिए बाबा महाकाल का आशीर्वाद मांगा।
महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद, अर्पित रांका ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका मानना है कि बाबा महाकाल के दरबार में कोई अपनी इच्छा से नहीं आता, बल्कि बाबा स्वयं अपने भक्तों को बुलाते हैं।
उन्होंने कहा, 'बाबा के दरबार में मैं आता नहीं हूं, मुझे बाबा खुद बुलाते हैं। यहां आप उनके बिना बुलाए नहीं आ सकते। बाबा की कृपा देखकर मेरी आंखों में खुशी के आंसू आ जाते हैं। इस प्यार को शब्दों में नहीं कह सकता। मेरे आने वाले शो 'मेरे कृष्ण' की टीम भी मेरे साथ है। शो के प्रोड्यूसर और सौरभ राज, जो शो में कृष्ण का किरदार निभा रहे हैं, मेरे साथ हैं।'
सौरभ राज जैन ने भी भस्म आरती के अनुभव को साझा करते हुए कहा, 'भस्म आरती का अनुभव शब्दों में नहीं कह सकता। यहां आकर और महाकाल के दर्शन करके जो अनुभूति होती है, वह अद्भुत होती है। यह एक ऐसी भावना है, जिसे केवल महसूस किया जा सकता है।'
सौरभ राज जैन ने टीवी इंडस्ट्री में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं, लेकिन उन्हें सबसे अधिक पहचान टीवी शो 'महाभारत' में भगवान कृष्ण की भूमिका से मिली। इसके अलावा, उन्होंने 'देवों के देव...महादेव' में भगवान विष्णु, भगवान राम, भगवान कृष्ण और दत्तात्रेय की भूमिकाएं निभाईं। 'महाकाली' में उन्होंने भगवान शिव का किरदार निभाया। सौरभ 'उतरन', 'चंद्रगुप्त मौर्य', 'पोरस', 'पटियाला बेब्स', 'कसम से' और 'राधाकृष्ण' जैसे धारावाहिकों का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 'नच बलिए 9' और 'खतरों के खिलाड़ी 11' जैसे रियलिटी शो में भी भाग लिया।
अर्पित रांका ने भी अपने अभिनय से टीवी जगत में एक खास पहचान बनाई है। उन्हें सबसे बड़ी सफलता 'महाभारत' में दुर्योधन की भूमिका निभाने से मिली। इसके बाद उन्होंने 'राधाकृष्ण' में कंस का किरदार निभाया। वह 'चंद्र नंदिनी', 'संकट मोचन महाबली हनुमान', 'ब्रह्मराक्षस', 'देवी आदि पराशक्ति', 'जय कन्हैया लाल की' और 'स्वराज' जैसे कई शो में नजर आ चुके हैं।