स्पेन में जंगल की आग से 13 की मौत, 10 लोग लापता
जंगल की आग से हुई तबाही
मैड्रिड: स्पेन के अल्मेरिया प्रांत में जंगल की आग के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। क्षेत्रीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है।
हालिया आंकड़ों के अनुसार, सात लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्पेन के सार्वजनिक प्रसारक RTVE के अनुसार, आग से प्रभावित कई लोग विदेशी नागरिक हैं।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, दक्षिणी स्पेन के अंडालूसिया क्षेत्र के अल्मेरिया में लॉस गैलार्डोस नगरपालिका के पास गुरुवार को आग लगी थी, जिसने लगभग 7,000 हेक्टेयर भूमि को प्रभावित किया।
अभी तक आधिकारिक तौर पर लापता 10 लोगों का कोई पता नहीं चला है। क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद वे आपातकालीन प्रतिक्रिया स्तर को कम करने में सक्षम हुए हैं। लगभग 1,000 लोगों को उनके घर लौटने की अनुमति दी गई है, जबकि पहले शनिवार को लगभग 600 लोगों को वापस जाने की इजाजत दी गई थी।
जंगल में आग लगने के कारणों की जांच जारी है। मुख्य अनुमान यह है कि यह बिजली के खंभे या केबल के गिरने से लगी होगी।
अंडालुसिया के क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख जुआनमा मोरेनो ने रविवार को कहा कि आग अब आगे नहीं बढ़ रही है और इसे उसके दायरे में ही नियंत्रित कर लिया गया है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि आग पर पूरी तरह से काबू पाने के लिए और प्रयासों की आवश्यकता है।
मोरेनो ने इसे अंडालूसिया के हाल के इतिहास की सबसे गंभीर आग बताया और जनता तथा अधिकारियों से जलवायु परिवर्तन को गंभीरता से लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण हालात और भी कठिन हो रहे हैं, जिससे इतनी बड़ी आग से निपटना और भी चुनौतीपूर्ण हो रहा है।