स्विटजरलैंड में नए साल के जश्न के दौरान बार में धमाका, कई लोग मरे
स्विटजरलैंड में बार में धमाका
नए साल के अवसर पर स्विटजरलैंड से एक दुखद समाचार आया है। स्विस पुलिस के अनुसार, क्रैन्स मोंटाना के एक महंगे स्की रिसॉर्ट में एक बार में विस्फोट हुआ, जिसमें कई लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए।
वालिस कैंटन के पुलिस प्रवक्ता गेटन लैथियन ने जानकारी दी कि, "एक धमाका हुआ है, जिसके कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। कई लोग इस घटना में मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं।"
यह धमाका स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे ले कॉन्स्टेलेशन नामक बार में हुआ, जो पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। उस समय लोग नए साल का जश्न मनाने के लिए वहां एकत्रित थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मृतकों में अधिकांश पर्यटक शामिल हैं, जो छुट्टियों के दौरान क्रैन्स-मोंटाना आए थे। धमाके के समय बार में 100 से अधिक लोग मौजूद थे। जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, आग में कम से कम 40 लोग मारे गए हैं।
स्थानीय मीडिया ने बताया कि अधिकारियों ने बचाव और जांच कार्यों के चलते क्रैन्स-मोंटाना के ऊपर नो-फ्लाई जोन भी लागू कर दिया है। पुलिस ने कहा कि धमाके के समय बार के अंदर 100 से अधिक लोग थे। स्विस ब्रॉडकास्टर ने बताया कि धमाका बार के बेसमेंट में हुआ, जिसकी कुल क्षमता लगभग 400 लोगों की है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में घटना के तुरंत बाद बार से धुएं का घना गुबार उठता हुआ दिखाई दे रहा है, जो धमाके और उसके बाद लगी आग के पैमाने को दर्शाता है।
अमेरिकी मीडिया के अनुसार, पुलिस ने मृतकों और घायलों की सही संख्या का खुलासा नहीं किया है, और न ही आग लगने के कारण के बारे में कोई जानकारी दी है। यह क्षेत्र उच्च गुणवत्ता वाले छुट्टी रिसॉर्ट्स के लिए जाना जाता है। पुलिस और क्षेत्रीय लोक अभियोजक के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें घटना से संबंधित अधिक जानकारी साझा की जाएगी।
अमेरिकी मीडिया ने बताया कि स्विट्जरलैंड के प्रमुख स्थलों में से एक, क्रैन्स-मोंटाना अपनी साल भर की धूप के लिए प्रसिद्ध है। यह रोन वैली में दक्षिण की ओर स्थित पठार पर है।
यह क्षेत्र समुद्र तल से 1,500 मीटर की ऊंचाई पर है, और यहां लगभग 15,000 की जनसंख्या है। यह जगह सेलिब्रिटीज के स्काई डाइविंग, गोल्फ खेलने और खाने-पीने के लिए पसंदीदा स्थानों में से एक मानी जाती है।