हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मौत
हमीरपुर में पुल हादसा
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार रात अचानक गिर गया। इस दुर्घटना में 6 मजदूरों की जान चली गई, जबकि कई अन्य मजदूर मलबे में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लगभग साढ़े सात घंटे तक बचाव कार्य चलाया। टीम ने मलबे में फंसे 3 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला।
यह हादसा ललपुरा क्षेत्र में रात करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज आंधी और बारिश के दौरान पुल का स्लैब गिर गया। उस समय कुछ मजदूर पुल के नीचे विश्राम कर रहे थे, जबकि अन्य मजदूर ऊपर काम कर रहे थे। आंधी से बचने के लिए मजदूर पुल पर लेट गए थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
मृतकों में बांदा जिले के चिल्ला थाना क्षेत्र के लोकेंद्र निषाद (22) और कुलदीप निषाद (19) शामिल हैं। इसके अलावा भूरागढ़ निवासी सावंत यादव (28) और सभाजीत (30) भी मलबे में दबकर मारे गए। हमीरपुर जिले के ललपुर थाना क्षेत्र के स्वासा खुर्द गांव के पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) और अचपुरा निवासी राजेश पाल (42) भी इस हादसे का शिकार बने। घटना के बाद मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा बन रहे इस पुल की लागत लगभग 90 करोड़ रुपये है। यह 700 मीटर लंबा दो लेन का पुल है, जिसका निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। अधिकारियों ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य को तेज करें। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने का भी आदेश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने मृतक मजदूरों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।