हरिद्वार कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की भीड़, 76 लाख से अधिक कांवड़िए पहुंचे
हरिद्वार में कांवड़ मेला
उत्तराखंड: हरिद्वार में कांवड़ मेला अपने चरम पर है। पिछले चार दिनों में 76 लाख से ज्यादा कांवड़िए गंगाजल लेकर हरिद्वार से रवाना हो चुके हैं। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है ताकि कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। सावन के पहले सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं।
इस दौरान, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपनी पत्नी प्रज्ञा दीक्षित के साथ मंदिर जाकर विधिपूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने भगवान शिव से कांवड़ मेले के सफलतापूर्वक संपन्न होने की प्रार्थना की। इसके अलावा, उन्होंने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को फल और पेयजल का वितरण भी किया। पूजा-अर्चना के बाद, उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। सावन के पहले सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिरों में पहुंचने को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले में बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार आ रहे हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। इसको ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डाक कांवड़ की शुरुआत के लिए अलग से ट्रैफिक प्लान बनाया गया है, खासकर बैरागी कैंप, पंतद्वीप और रोडिबेलवाला पार्किंग में वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की गई है।