हरियाणा में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाली महिलाओं को मिलेगी हर महीने 2 अतिरिक्त छुट्टियाँ
सरकार की नई अधिसूचना
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। अब इन महिलाओं को हर महीने 2 अतिरिक्त कैजुअल लीव (सीएल) मिलेंगी। पहले, उन्हें साल में केवल 10 सीएल मिलती थीं, जिसे बढ़ाकर 22 कर दिया गया है। मानव संसाधन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। यह छुट्टियाँ पहले से उपलब्ध 10 दिन की मेडिकल लीव के अलावा होंगी। यह आदेश हरियाणा कौशल रोजगार निगम के अंतर्गत कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों पर लागू होगा।
महिला कर्मचारियों की संख्या
हरियाणा में विभिन्न सरकारी विभागों में 2.7 लाख नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ लगभग 1.28 लाख कांट्रेक्ट कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से लगभग 38,700 महिला कर्मचारी हैं।
छुट्टी वाले दिन काम करने पर मिलेगा अवकाश
हरियाणा सरकार ने 2 जुलाई को ग्रुप-सी और डी के नियमित कर्मचारियों को भी राहत दी थी। नए नियमों के अनुसार, यदि कोई कर्मचारी छुट्टी वाले दिन (जैसे रविवार या राष्ट्रीय अवकाश) ड्यूटी पर जाता है, तो वह अगले एक महीने के भीतर अपनी पसंद के किसी भी दिन कॉम्प आॅफ (छुट्टी) ले सकता है। यह कॉम्प आॅफ अन्य छुट्टियों और स्टेशन लीव के साथ भी लिया जा सकता है। हालांकि, कॉम्प आॅफ की कुल संख्या 16 दिनों से अधिक नहीं हो सकती।
नियमित महिला कर्मचारियों के लिए छुट्टियाँ
30 जून से पहले नियुक्त होने वाली नियमित महिला कर्मचारियों को अब 20 के बजाय 25 कैजुअल लीव मिलेंगी, जबकि पुरुष कर्मचारियों को 10 कैजुअल लीव मिलेंगी। 30 जून से 30 सितंबर के बीच नियुक्त होने वाली महिला कर्मचारियों को 12 और पुरुष कर्मचारियों को 5 कैजुअल लीव मिलेंगी। इसके अलावा, 30 सितंबर के बाद नियुक्त होने वाली महिला कर्मचारियों को 6 और पुरुष कर्मचारियों को 2 कैजुअल लीव मिलेंगी।