हरियाणा में पेयजल संकट: कुमारी सैलजा ने सरकार से की अपील
हरियाणा में जल संकट की गंभीरता
चंडीगढ़- कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद कुमारी सैलजा ने बताया कि हरियाणा में गर्मियों की शुरुआत के साथ पेयजल संकट एक गंभीर समस्या बन गई है। प्रदेश के कई जिलों, खासकर सिरसा के ऐलनाबाद क्षेत्र में पानी की भारी कमी महसूस की जा रही है। कई स्थानों पर पानी की राशनिंग की जा रही है और लोग टैंकरों पर निर्भर हैं।
सैलजा ने कहा कि पानी की कमी के साथ-साथ बिजली संकट ने भी लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। भीषण गर्मी के बीच लंबे बिजली कटौती आम जनता के लिए मुश्किलें पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा, जिसे एक विकसित राज्य माना जाता है, वहां गांवों और शहरों में पंचायतों की सबसे बड़ी मांग पेयजल टैंकर बन गई है। यह स्थिति राज्य की जल प्रबंधन प्रणाली की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने अपने सांसद कोटे से कई गांवों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराए हैं, लेकिन मांग लगातार बढ़ती जा रही है.
उन्होंने राज्य सरकार से अनुरोध किया कि पेयजल आपूर्ति को तुरंत नियमित और सुचारू किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही, बिजली आपूर्ति में भी सुधार की आवश्यकता है।
सैलजा ने बताया कि सिरसा के ऐलनाबाद और नाथुसरी चोपटा क्षेत्र के लोग राजस्थान से पानी लाकर गुजारा कर रहे हैं, जबकि कई गांवों में लोग पानी खरीदने के लिए मजबूर हैं। यमुना में जहां 8000 क्यूसेक पानी की आवश्यकता है, वहां केवल 1500 क्यूसेक पानी मिल रहा है। प्रदेश में 38 बीसीएम पानी की आवश्यकता के मुकाबले नहरी और बरसाती पानी से केवल 20 बीसीएम ही उपलब्ध हो पा रहा है, जबकि शेष 18 बीसीएम की पूर्ति भूजल के दोहन से की जा रही है।
सांसद ने कहा कि हरियाणा सरकार को अपने हिस्से के पानी के लिए पंजाब पर दबाव बनाना चाहिए। रावी-ब्यास नदी से हरियाणा को 3.5 एमएएफ पानी मिलना चाहिए, लेकिन वर्तमान में केवल 1.88 एमएएफ ही मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार भीषण गर्मी की संभावना को देखते हुए सरकार को अभी से पेयजल आपूर्ति की ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही, पशुओं के लिए जोहड़ों में पर्याप्त पानी भरा जाए और बिजली व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।