हरियाणा में प्री मानसून की दस्तक, 18 जिलों में बारिश का अलर्ट
हरियाणा में बारिश की संभावना
अगले 4 से 5 दिन तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने हरियाणा में आज रात से प्री मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके चलते अगले 4 से 5 दिनों में पूरे राज्य में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, विभाग ने 18 जिलों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, जींद, कैथल, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला शामिल हैं, जहां हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 29 जून के आसपास मानसून की एंट्री होगी।
25 जून तक बारिश की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 25 जून तक मौसम में बदलाव की संभावना है। अगले सप्ताह के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ने की उम्मीद है, जिससे हरियाणा में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
आज रात से मौसम में बदलाव
आज रात से मौसम में बदलाव की संभावना है। 21 और 22 जून को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। 23 से 25 जून के बीच हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।