×

हरियाणा में बढ़ती गर्मी से किसानों को खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मार्च का महीना हरियाणा के किसानों और आम जनता के लिए नई चुनौतियाँ लेकर आया है। अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है, और गेहूं की फसल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 9 मार्च तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। जानें इस अप्रत्याशित गर्मी का किसानों पर क्या असर पड़ेगा और मौसम के बारे में विशेषज्ञों की राय।
 

गर्मी का बढ़ता प्रभाव

हिसार . हरियाणा के किसानों और आम जनता के लिए मार्च का महीना मौसम के मोर्चे पर नई चुनौतियाँ लेकर आया है। अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है, और खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 9 मार्च तक प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। रात का तापमान भी 18 से 20 डिग्री तक बढ़ सकता है। इस अप्रत्याशित गर्मी का सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या और किसानों की मेहनत पर पड़ेगा।


8 मार्च तक मौसम रहेगा खुश्क

8 मार्च तक मौसम रहेगा खुश्क, चलेंगे हवा के झोंके


चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीएस डागर ने बताया कि राज्य में 8 मार्च तक मौसम मुख्य रूप से खुश्क रहेगा। हालांकि, एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 4 मार्च की रात से 7 मार्च तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। इस दौरान हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी, लेकिन यह गर्मी से राहत नहीं दे पाएंगी।


गर्मी का असर गेहूं की फसल पर

औसत तापमान 25 डिग्री के पार गया तो सिकुड़ेंगे दाने


बढ़ती गर्मी ने उन किसानों को चिंता में डाल दिया है जिनकी गेहूं की फसल अंतिम चरण में है। एचएयू के गेहूं विभाग के विशेषज्ञ डॉ. ओपी बिश्नोई ने चेतावनी दी है कि वर्तमान में रात का तापमान 16 से 17 और दिन का 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच है। यदि औसत तापमान 25 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, तो गेहूं के दाने सिकुड़ने लगेंगे और पैदावार में कमी आएगी।