हरियाणा में महिला ने चार बच्चों की हत्या की, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पानीपत में खौफनाक वारदात
पानीपत: हरियाणा के पानीपत में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसे 'महिला' कहना भी गलत होगा, क्योंकि वह एक 'जल्लाद' है। 6 साल की बच्ची की हत्या की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला पूनम को पकड़ा, और जो तथ्य सामने आए, उन्हें सुनकर पुलिस अधिकारियों के रोंगटे खड़े हो गए। यह महिला एक साइको किलर है, जिसने अपने सगे बेटे सहित चार बच्चों की हत्या की है।
पानीपत के एसपी भूपेंद्र सिंह ने इस भयावह घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पूनम सुंदर लड़कियों को देखकर ईर्ष्या करती थी और उन्हें मार डालती थी। उसने अब तक तीन बच्चियों की हत्या की है। एक हत्या उसने अपने मायके में की, दूसरी अपनी ननद की बेटी की, और तीसरी हाल ही में नौल्था गांव में 6 साल की विधि की। हैरानी की बात यह है कि किसी को उस पर शक न हो, इसके लिए उसने अपने बेटे को भी पानी के टब में डुबोकर मार डाला।
ताजा मामला इसराना क्षेत्र के नौल्था गांव का है। सोनीपत के भावड़ गांव के निवासी पाल सिंह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में आए थे। सोमवार को बारात जाने के बाद पाल सिंह की 6 साल की पोती विधि अचानक गायब हो गई।
काफी खोजबीन के बाद, जब विधि की दादी ओमवती घर की पहली मंजिल पर स्टोर रूम के पास पहुंचीं, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। स्टोर रूम के अंदर पानी के टब में विधि का सिर डूबा हुआ था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के बाद पुलिस ने विधि की चाची पूनम को गिरफ्तार किया।
पुलिस की पूछताछ में इस 'साइको किलर' महिला ने जो खुलासे किए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। पूनम बच्चों की जान लेने के लिए हर बार एक ही खौफनाक तरीका अपनाती थी- उन्हें पानी में डुबोकर मारना। उसके खूनी खेल की शुरुआत साल 2023 में हुई थी, जब उसने अपनी ननद की बेटी और अपने बेटे की भी हत्या कर दी थी। इसके बाद उसकी दरिंदगी थमी नहीं; इसी साल अगस्त 2025 में उसने सिवाह गांव में एक और मासूम बच्ची को अपना शिकार बनाया और अब दिसंबर 2025 में नौल्था गांव में विधि को भी उसी तरीके से पानी के टब में डुबोकर मौत की नींद सुला दिया।
आरोपी महिला सोनीपत के भावड़ गांव की निवासी है और उसके पति का नाम नवीन है। पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि यह महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त (साइको) मानसिकता के साथ हत्याएं कर रही थी।