हरियाणा में मौसम का बदलाव: गर्मी से मिलेगी राहत
रात में ठंड का अहसास
Haryana Weather Update, चंडीगढ़: हरियाणा में हाल के दिनों में बढ़ी गर्मी से जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। कल से हवाओं का रुख बदलने वाला है। वर्तमान में पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, लेकिन कल से उत्तरी-पश्चिमी हवाएं सक्रिय होंगी। पहाड़ों से आने वाली इन हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी। इस बीच, रात का तापमान 22 डिग्री तक पहुंचने लगा है। शुक्रवार को सोनीपत में रात का न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
तापमान में गिरावट की संभावना
हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि 28 सितंबर की रात को बंगाल की खाड़ी और राजस्थान के ऊपर एक एंटी साइक्लोनिक सकुर्लेशन बनने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
बारिश का आंकड़ा सामान्य से अधिक
दिन के समय तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जो घटकर 30 से 32 डिग्री तक आ जाएगा। रात के तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी। डॉ. खीचड़ ने बताया कि इस वर्ष हरियाणा में सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
यमुनानगर में अधिकतम बारिश
एक जून से 24 सितंबर तक प्रदेश में औसतन 413.7 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 568.4 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक है। यमुनानगर में 1116.9 एमएम बारिश हुई है, जबकि सिरसा में सबसे कम 346.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
पलवल में उच्चतम तापमान
शुक्रवार को दिन में पलवल में सबसे अधिक तापमान 37.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि पानीपत के उझा क्षेत्र में सबसे कम तापमान 32.9 डिग्री रहा। रात के तापमान की बात करें तो सोनीपत में सबसे ठंडी रात रही, जहां तापमान 22.6 डिग्री तक पहुंच गया। अंबाला में रात का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री के आसपास रहा।